उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने 11 में से 6 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इन सीटों में वाराणसी, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी, आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
BJP ने जारी की 6 उम्मीदवारों की लिस्ट
बीजेपी की ओर से जारी सूची के मुताबिक वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदार नाथ सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल, जबकि इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से अशोक कुमार राठौर को उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा-अलीगढ़ शिक्षक सीट से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को टिकट दिया गया है।
बीजेपी की ओर से बाकी सीटों के उम्मीदवारों के नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी शेष सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन कर रही थी और नामांकन की अंतिम तारीख से पहले बाकी नाम भी सामने आ सकते हैं।
सपा पहले ही घोषित कर चुकी है सभी 11 उम्मीदवार
विधान परिषद की इन 11 सीटों के लिए समाजवादी पार्टी पहले ही अपने सभी प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उम्मीदवारों की पूरी सूची जारी की थी। सपा ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी 11 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
इस तरह बीजेपी की ओर से छह उम्मीदवारों के ऐलान के बाद यूपी MLC Election को लेकर दोनों प्रमुख दलों की तैयारियां और तेज हो गई हैं। चुनाव में कुल 11 सीटों पर मुकाबला होना है।
23 अक्टूबर को होगी वोटिंग
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो गई है। इन 11 सीटों में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त होना है।
11 सीटों पर BJP-SP के बीच मुकाबला
विधान परिषद की इन सीटों पर बीजेपी और सपा की तैयारियां अब खुलकर सामने आने लगी हैं। बीजेपी ने फिलहाल छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, जबकि सपा सभी 11 सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में बाकी सीटों के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों के ऐलान और नामांकन प्रक्रिया पर नजर रहेगी।









