प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 10 सितंबर को इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान V से मुलाकात की। भारत दौरे पर आए प्रिंस रहीम आगा खान के साथ पीएम मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और साझेदारी को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए प्रसन्नता भी व्यक्त की।
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, ‘प्रिंस रहीम आगा खान V से मिलकर खुशी हुई. उनके पिता स्वर्गीय आगा खान चतुर्थ और विकास कार्यों में उनके अहम योगदान को याद किया. हमने हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर, ग्रामीण विकास, और युवाओं व महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की.’
विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मिले प्रिंस रहीम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले प्रिंस रहीम आगा खान ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की। बैठक के बाद जयशंकर ने एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। दोनों के बीच आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) की ओर से सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रभावशाली कार्यों पर चर्चा हुई। इसके अलावा भारत और विदेशों में मौजूद संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पहली भारत यात्रा पर आए हैं आगा खान पंचम
प्रिंस रहीम आगा खान पंचम बुधवार को भारत पहुंचे थे। 50वें इमाम बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनका भारत दौरा 9 सितंबर से 15 सितंबर तक निर्धारित है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम भारत की यात्रा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर कर रहे हैं।
भारत यात्रा के दौरान प्रिंस रहीम आगा खान करीब एक सप्ताह तक देश में रहेंगे। इस दौरे में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग, सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भारत के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर रहने की उम्मीद है।









