
लखनऊ, 1 सितम्बर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के दो मेधावी छात्रों ने पी.सी.एस. (जे) के परीक्षा परिणाम में सफलता अर्जित कर सी.एम.एस. का नाम गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) की छात्रा अंजू यादव (116वीं रैंक) एवं सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर व अलीगंज कैम्पस के छात्र आदिल अंसारी (205वीं रैंक) ने यूपी पीसीएस (जे) में चयनित होकर विद्यालय के गौरवपूर्ण इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने विद्यालय के इन मेधावी छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि सी.एम.एस. के ये होनहार छात्र न्यायिक व्यवस्था की मजबूती में रचनात्मक योगदान देंगे।
अंजू यादव ने कक्षा-6 से 12वीं तक की शिक्षा सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) से प्राप्त की एवं इसके उपरान्त लखनऊ विश्वविद्यालय से 5 वर्षीय एल.एल.बी. (आनर्स) का कोर्स किया। इसी प्रकार, सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर व अलीगंज कैम्पस के छात्र रहे आदिल अंसारी वर्तमान में बॉडी बिल्डर वर्ल्ड चैम्पियन भी हैं। उन्होंने कहा कि सी.एम.एस. से प्राप्त जीवन मूल्यों की शिक्षा का मेरे जीवन में बहुत महत्व है, जिससे मेरे आत्मविश्वास को बल मिलता है। सी.एम.एस. अपने छात्रों को उत्कृष्टता की ओर सतत् प्रयासरत रहने को प्रेरित करता है एवं इसी अनुरूप उन्हें भविष्य की चुनौतियों हेतु तैयार करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र आज विश्व स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहे हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।