
रक्षा मंत्रालय ने प्रतिष्ठित ‘एयरो इंडिया’ शो के आयोजन स्थल को बदले जाने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि शो हर बार की तरह कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में ही होगा।
रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि एयरो इंडिया 2019 अगले साल फरवरी में 20 से 24 फरवरी तक बेंगलुरू में होगा।
बता दें कि पिछले महीने से इस तरह की अटकलें जोर पकड़ रही थी कि अगला एयरो इंडिया शो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होगा। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में रक्षा औद्योगिक गलियारे के उद्घाटन के मौके पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से एयरो इंडिया लखनऊ में आयोजित करने का अनुरोध कर इन खबरों को हवा दे दी थी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उत्तर प्रदेश इस आयोजन के लिए जरूरी सुविधाएं जुटाने में पूरा जोर लगायेगा। सीतारमण ने कुछ समय पहले इस बारे में सवाल पूछे जाने पर स्पष्ट उत्तर नहीं दिया था। उन्होंने कहा था कि अभी एयरो इंडिया के आयोजन स्थल के बारे में निर्णय नहीं लिया गया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।