
राजस्थान की दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को करारी हार दी है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने पार्टी की जीत पर मतदाताओं का आभार जताया है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष अशोक परनामी ने जनाधार को स्वीकारते हुए कहा है कि हार के कारणों का विश्लेषण कर कमियों को दूर किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के करण सिंह यादव ने बीजेपी के जसवंत सिंह यादव को लगभग 40,000 मतों से मात दी। अजमेर में कांग्रेस के रघु शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के राम स्वरूप लांबा को लगभग 20,648 को मतों से मात दी है। इसी तरह कांग्रेस के विवेक धाधड ने माडलगढ़ विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रत्याशी बीजेपीके शक्ति सिंह हांडा को 12976 मतों से पराजित कर जीती है।
चुनाव नतीजों के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलौत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश के लोग इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि कांग्रेस को सत्ता सौंपे। इन चुनावों में देनोां नेताओं ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की रणनीति पर अमल करते हुए धरातल पर उतरकर पार्टी के जमकर प्रचार भी किया। उल्लेखनीय है कि इन चुनावों को राजस्थान में इसी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माना जा रहा था। आज सेमीफाइनल चुनावों के नतीजे आ चुके हैं। प्रदेश की दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में कांग्रेस ने बीजेपी को उसके ही गढ़ में करारी शिकस्त दी है। इसे बीजेपी और प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वसुंधरा राजे ने पार्टी की पराजय की समीक्षा के लिए आज शाम बैठक आहूत की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।