
नई दिल्ली. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया पहली बार बड़ा सिक्का पेश करने जा रहा है। अब तक सिर्फ छोटी राशियों के सिक्के चल रहे हैं, जल्द ही 350 रुपए का सिक्का जारी करने जा रहा है। इस सिक्के को गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव पर इसे आम जनता के लिए पेश किया जाएगा।
सिक्कों का प्रचलन हो रहा है खत्म
आरबीआई का कहना है कि देश में धीरे धीरे सिक्कों का चलन कम होता जा रहा है। लोग सिक्कों के इस्तेमाल से भाग रहे हैं, जो ठीक नहीं है। ऐसे में आरबीआई का पूरा जोर अब बड़े डिनॉमिनेशन वाले सिक्कों की तरफ है। इसका एक मकसद लोगों को सिक्कों के इस्तेमाल के लिए आकर्षित करना भी है। आरबीआई कुछ खास मौकों पर ऐसे सिक्के जारी करता रहता है।
ये होगी खासियत
ये सिक्का कई मायनों में खास होगा। ये सिक्का 44 एमएम का होगा। सिक्का चांदी, कॉपर, निकेल और जिंक से बना होगा। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ होगा, जिसके नीचे देवनागरी में सत्यमेव जयते लिखा होगा। जबकि सिक्के के दोनों तरफ अंग्रेजी में इंडिया और देवनागरी में भारत लिखा होगा। निशान के ऊपर रुपए का चिन्ह और 350 लिखा होगा, जबकि दूसरी ओर श्री हरमिंदर जी पटना साहिब तख्त का चित्र होगा। इसके नीचे दोनों भाषाओं में 'श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश उत्सव' लिखा होगा। वहीं सिक्के का वजन 34.65 से लेकर 35.35 ग्राम के बीच होगा।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।