-719785299.jpg)
समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और नियत पर सवाल उठाते हुए आज आरोप लगाया कि वह सबको साथ लेकर चलने की नीति पर नहीं चल रही ह। इसलिए उसके घटक दलों के भी उससे संबंध खराब हो रहे हैं। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सपा नेता ने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा के संबंध अपने ही घटक दलों के साथ बिगड़ रहे हैं। शिव सेना और भाजपा के संबंधों में खटास आ गई है। पंजाब में अकाली दल और भाजपा के संबंध मधुर नहीं हैं। जम्मू कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ उसके संबंधों के बारे में सभी को जानकारी है। यादव ने कहा कि यह स्थिति संघ की नीतियों के कारण है। संघ किसी को बोलने नहीं देता और उसके सामने किसी की चलती नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसकी नीतियों से हटकर कुछ काम किया है और वह ‘मन की बात’ कहने में सफल हुए हैं। मोदी सरकार पर वादों से हटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसने 2 साल में 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात की थी लेकिन सिर्फ 10 लाख लोगों को ही रोजगार मुहैया कराया है। उन्होंने इसे पूरे देश के साथ धोखा बताया और कहा कि इससे सरकार की साख गिर रही है। मोदी सरकार की विदेश नीति पर उन्होंने कहा कि सिर्फ संबंध अच्छे नहीं होने चाहिए बल्कि मित्रता होनी चाहिए। उनका कहना था कि आजादी के बाद सिर्फ पंडित जवाहरलाल नेहरू ने ही मित्र राष्ट्र तैयार किया था और यही वजह है कि जब अमेरिका पाकिस्तान का खुलकर साथ दे रहा था तो रूस किसी की परवाह किए बिना भारत के पक्ष में खड़ा हो गया था। उन्होंने कहा कि इस तरह की विदेश नीति को ही सफल कहा जा सकता है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।