
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुबई में अपने दौरे के दूसरे दिन वर्ल्ड गवर्नमेंट सम्मलेन में बोलते हुए दुनिया को 6R का फॉर्मूला दिया है। सम्मलेन में विकास के लिए प्रौद्योगिकी विषय पर अपनी बात रखते हुए PM मोदी ने एक नया मंत्र दिया। PM मोदी ने सतत विकास की अवधारणा के संदर्भ में बोलते हुए कहा कि आज के समय में इस रास्ते पर छह महत्त्वपूर्ण कदम हैं। PM मोदी ने 6R यानी रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकल, रिकवर, रीडिजाइन और रीमैन्युफैक्चर की बात की। मोदी ने कहा कि इन छह कदमों से हम जिस मंजिल पर पहुंचेंगे वह रिजॉइस यानी आनंद की होगी। इस तरह हमें 6R पर काम करने की जरूरत है। इस वर्ल्ड गवर्नमेंट शिखर सम्मेलन में 140 से ज्यादा देश हिस्सा ले रहे हैं।
शिखर सम्मेलन में मोदी के भाषण की कुछ खास बातें -
- प्रधानमंत्री मोदी ने दुबई को दुनिया के लिए एक उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी ने एक रेगिस्तान को बदल दिया, यह चमत्कार है।
- पिछले 25 वर्षों में मातृ मृत्यु दर भारत में 1/3 और दुनिया भर में 1/2 से नीचे आ गई है।
- विचारों की गति से प्रौद्योगिकी बदल रही है, प्रौद्योगिकी ने आम आदमी को सशक्त बनाया है।
- विकास का पहलू ये भी है कि पाषाण युग से औद्योगिक क्रांति के सफर में हजारों साल गुजर गए। उसके बाद संचार क्रांति तक सिर्फ 200 वर्षों का समय लगा, वहां से डिजिटल क्रांति तक का फासला कुछ ही सालों में तय हो गया।
- सभी विकास के बाद भी गरीबी और कुपोषण का सफाया नहीं हो पाया है। दूसरी ओर हम मिसाइलों और बमों पर पैसा, समय और संसाधनों का बड़ा हिस्सा निवेश कर रहे हैं। हमें सावधान रहना होगा और प्रौद्योगिकी का उपयोग विकास के साधन के रूप में करना है विनाश के लिए नहीं।
भारत UAE के इस प्यार के लिए कृतज्ञ रहेगा -
PM मोदी ने कहा कि वर्ल्ड गवर्नेंट समिट (शिखर सम्मलेन) में मुझे मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया जाना न सिर्फ मेरे लिए वरन 125 करोड़ भारतीयों के लिए भी गर्व की बात है। मोदी ने कहा कि UAE में 33 लाख भारतीयों को अपनापन मिला है, इसके लिए भारत आपका कृतज्ञ है।
PM मोदी ने किया मंदिर का शिलान्यास -
इससे पहले PM मोदी ने रविवार सुबह को अबू धावी में अरब के सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नरेंद्र मोदी ने यहां मंदिर का भी शिलान्यास किया। मंदिर के शिलान्यास के बाद ओपेरा हाउस में उपस्तिथ भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।