
रायबरेली: रायबरेली में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के अध्यक्ष बनाए जाने पर खुशियां मनाईं,और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया | वही सोनिया गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर कुछ कांग्रेसी मायूस भी दिखे। कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी जैसे युवा नेतृत्व की बदौलत पार्टी बुलंदियों को छुएगी। एग्जिट पोल के परिणामों से कांग्रेसियों ने राहुल के नेतृत्व में गुजरात और हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने का विश्वास जताया। एक ओर जहां राहुल गांधी के पार्टा अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल हैं वहीं दूसरी ओर सोनिया गांधी के पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और संरक्षक के तौर काम करने को लेकर थोड़ी निराशा भी है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी से लोगों की काफी उम्मीदें देखने को मिली है, उन्होंने युवा और महिलाओं को ज्यादा प्रोत्साहन देने का काम किया है। वह सारे देश में अपने कार्य को लेकर पहचाने जाते हैं और आने वाले वक्त में भी वह कांग्रेस पार्टी को देश के सामने एक नई पहचान देने के लिए पूरी मेहनत और लगन से काम करेंगे, जिससे अपनी दादी इंदिरा गांधी की दी हुई विरासत आगे बढ़ा सकें। इस मौके पर कांग्रेस के रायबरेली कार्यकारिणी के सदस्य आशीष द्विवेदी और महिला प्रकोष्ठ की शैलजा सिंह और उनके साथ अन्य कार्यकर्ता तिलक भवन में मौजूद थे। रायबरेली के कांग्रेसियो में खुशी का माहौल दिखाई दे रहा है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।