
दिल्ली। बीजेपी के केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने चुनाव से पहले एक बार फिर विवादित बयान दिया है, जिससे बीजेपी को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है। बीजेपी नेता ने रविवार को कर्नाटक के कोडागु में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू लड़की को छूने वाले शख्स के हाथ ही नहीं बचने चाहिए। बता दें कि हेगड़े वही बीजेपी के मंत्री हैं जिन्होंने पिछले साल संविधान बदलने जैसा विवावित बयान दिया था। एक बार फिर हेगड़े के इस नए बयान से बीजेपी के खिलाफ विपक्ष को हमला बोलने का मौका मिल गया है।
बीजेपी के मंत्री हेगड़े ने कहा, 'हमें अपने समाज की प्राथमिकताओं के बारे में पुनर्विचार करना चाहिए। हमें जाति के बारे में नहीं सोचना चाहिए। यदि किसी हिंदू लड़की को कोई छूता है, तो उसका हाथ का ही काट देना चाहिए।' इस बयान से बीजेपी की नई मुश्किलें बढ़ने की संभावना हैं।
इससे पहले 2017 में हेगड़े ने एक और विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि संविधान से 'धर्मनिरपेक्ष' शब्द हटाने के लिए भाजपा संविधान ही बदल देगी। उस दौरान हेगड़े ने कहा था कि कुछ लोग कहते हैं कि संविधान धर्मनिरपेक्ष कहता है और आपको इसे स्वीकार करना चाहिए। हम संविधान का सम्मान करेंगे, लेकिन संविधान कई बार बदला है और भविष्य में भी यह बदलेगा। हम यहां संविधान बदलने के लिए हैं और हम इसे बदल देंगे। कर्नाटक के रहने वाले हेगड़े ने कहा था कि जो धर्मनिरपेक्ष की बात करते हैं उनकी कोई पहचान नहीं है।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद हेगड़े ने संसद में अपने बयान पर माफी मांग ली थी। इससे पहले भी हेगड़े कई बार अपने विवादास्पद बयानों की वजह से शुर्खियों में रह चुके हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।