होम अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड क्वान्टा-2018 सी.एम.एस. में 24 नवम्बर से

शिक्षा

अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड क्वान्टा-2018 सी.एम.एस. में 24 नवम्बर से

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस के तत्वावधान में 23वाँ अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड ‘क्वान्टा-2018’ का आयोजन 24 से 27 नवम्बर 2018 तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जा रहा है।

अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड क्वान्टा-2018  सी.एम.एस. में 24 नवम्बर से

लखनऊ, 11 नवम्बर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस के तत्वावधान में 23वाँ अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड ‘क्वान्टा-2018’ का आयोजन 24 से 27 नवम्बर 2018 तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। इस ओलम्पियाड में प्रतिभाग हेतु जर्मनी, ब्राजील, मलेशिया, फिनलैंड, रूस, जार्डन, नेपाल, लेबनान, बांग्लादेश एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों के लगभग 700 बाल वैज्ञानिक, विश्वप्रसिद्ध वैज्ञानिक एवं विशिष्ट अतिथि लखनऊ पधार रहे हैं। उक्त जानकारी आज यहाँ आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में ‘क्वान्टा-2018’ की सचिव एवं सी.एम.एस. चौक कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती अदिति शर्मा ने दी। पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए श्रीमती शर्मा ने कहा कि विश्व समाज को भावी वैज्ञानिकों से भारी आशायें हैं एवं इन्हीं आशाओं को मूर्तरूप देना क्वान्टा का मूल उद्देश्य है। यह अन्तर्राष्ट्रीय आयोजन सिर्फ लखनऊ में हीं नहीं अपितु विश्व भर के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों में बेहद लोकप्रिय है और अब तक 40 देशों के छात्र एवं वैज्ञानिक इस ओलम्पियाड में प्रतिभाग कर चुके हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर से विभिन्न देशों के छात्र अपने ज्ञान-विज्ञान का प्रदर्शन करने और विश्व बन्धुत्व  संदेश देने लखनऊ पधार रहे हैं।

क्वान्टा-2018 की प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए श्रीमती अदिति शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय  ओलम्पियाड में देश-विदेश के छात्रों के लिए डिबेट (वाद-विवाद), आब्स्टेकल रोबोट रेस, एक्टा-मैथमेटिका (मैथमेटिक्स क्विज), मेन्टल एबिलिटी टेस्ट, साइंस क्विज एवं अक्वा चैलेन्ज रेस (वाटर क्राफ्ट रेस) आदि रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। इसके अलावा, देश विदेश के छात्रों को प्रख्यात वैज्ञानिकों व विशिष्ट अतिथियों के के सारगर्भित उद्बोधनों से लाभान्वित होने का अवसर मिलेगा।

सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि युवा पीढ़ी के कंधों पर ही शान्तिपूर्ण समाज बनाने की जिम्मेदारी है। अब केवल वैज्ञानिक या महावैज्ञानिक बनने से काम नहीं चलेगा अपितु मानवतावादी वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर ही इस सृष्टि को बर्बाद होने से बचाया जा सकता है। डा. गाँधी ने ओलम्पियाड के आयोजन हेतु सी.एम.एस. चौक की प्रधानाचार्या श्रीमती अदिति शर्मा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि क्वान्टा-2018 का उद्घाटन  समारोह 24 नवम्बर को सायं 5.00 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जायेगा तथापि प्रतियोगिताओं का सिलसिला 25 नवम्बर से प्रारम्भ होगा। इस अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलम्पियाड में 20 अन्तर्राष्ट्रीय छात्र टीमों समेत देश भर से 55 छात्र टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।


 

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Most Popular

(Last 14 days)

-Advertisement-

Facebook

To Top