-9885798627.jpg)
समाजवादी पार्टी (सपा) ने कटाक्ष किया है कि बहुजन समाज पार्टी (सपा) अध्यक्ष का बस चलता तो प्रदेश में अखिलेश सरकार के सत्तारूढ़ होने के दिन से ही राष्ट्रपति शासन लगवा देती। सपा प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आज यहां कहा कि अखिलेश सरकार की 4 साल की उपलब्धियों पर विपक्ष की प्रतिक्रिया हास्यापद है। राज्य सरकार की योजनाओं से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। राज्य में हुए विकास की तारीफ पूरे देश में हो रही है। विपक्षी दल विद्वेष के कारण विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के दावों को हवाई बता रहे हैं। लोकतंत्र में विपक्ष से जिस तरह सकारात्मक भूमिका की अपेक्षा की जाती है, प्रदेश में उसकी पूर्णतया अवहेलना की जा रही है। उन्होंने कहा कि बसपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक सुर में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के दिन से ही अनर्गल बयान दे रहे है।
बसपा अध्यक्ष का बस चलता तो वे पहले दिन से ही प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगवा देती। उनकी खीझ और हताशा स्वाभाविक है। प्रदेश के मतदाताओं ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सिवाय सांप्रादायिक उन्माद फैलाने के अलावा प्रदेश के लिए कुछ नही किया। केन्द्र की भाजपा सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। किसानों नौजवानों के प्रति उसमें जरा भी संवेदनशीलता नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पुरानी राजनीतिक पार्टी है। सत्ता में भी लम्बे समय तक रही है। जन आकांक्षाओं का तिरस्कार करने के फलस्वरुप ही उसे विपक्ष में भी सिकुड़कर बैठना पड़ रहा है। उसकी शक्ति लगातार घटती जा रही है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।