-3785745888.jpg)
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने जे.एन.यू. प्रकरण पर कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी को आतंकवादी अफजल गुरु से इतनी ही हमदर्दी थी, तो यू.पी.ए. सरकार के कार्यकाल में अफजल गुरु को दी गई फांसी को क्यों नहीं रुकवाया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी वामपंथियों के साथ मिलकर जे.एन.यू. में उन लोगों का समर्थन कर रहे हैं जो एक आतंकी को शहीद का दर्जा देने की कोशिश कर राष्ट्रविरोधी कार्य में जुटे हुए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ठाकुर जगदेव चंद स्मृति शोध संस्थान नेरी में स्व. ठाकुर राम सिंह की 101वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रखे समारोह में बतौर मुख्य वक्ता अपना संबोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि देश भक्ति सबसे बड़ा धर्म है तथा जो देश विरोधी गतिविधियों में सम्मिलित होता है, वह कभी भी देश भक्त नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास 197 करोड़ वर्ष से ज्यादा पुराना है। उन्होंने कहा कि स्व. ठाकुर राम सिंह ने देश के इतिहास की विकृतियों को दूर करने के लिए जो सपना देखा था, उसे दूर करने के लिए सबको मिलकर प्रयास करने चाहिए तभी देश सशक्त हिंदू राष्ट्र बनेगा तथा फिर से भारत विश्व गुरु कहलाएगा।
उन्होंने कहा कि नेरी की धरती संत स्व. राम सिंह ठाकुर की तपस्या स्थली के कारण महान बन गई है। संत स्व. राम सिंह ठाकुर को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब युवा पीढ़ी इतिहास की विकृतियों को दूर करके अपने राष्ट्रीय आदर्शों, मूल्यों तथा संस्कारों को समझकर देश विरोधी शक्तियों को संगठित होकर खत्म करेगी। उन्होंने कहा कि आर्यों की उत्पत्ति, राम सेतु तथा सिंधुघाटी जैसे तथ्यों को नासा ने भी प्रमाणित किया है। जिसके चलते यह सिद्ध हो गया है कि जो लोग राम सेतु को तोडऩे का प्रयास कर रहे थे, उन्हें देश के इतिहास का ज्ञान नहीं था। इससे पूर्व कार्यक्रम के अध्यक्ष एन.के. शर्मा ने भी इतिहास, संस्कृति तथा स्व. ठाकुर राम सिंह के जीवन के बारे में विस्तारपूर्वक अपने विचार प्रकट किए।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Twitter, व Google News पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।